Friday, July 3, 2015

डायरी में दुनिया / अर्पण कुमार


डायरी में दुनिया/अर्पण कुमार
दि. 30जून 2015
यात्रा समाप्त।यात्रा डायरी का यह त्वरित संस्करण भी समाप्त।सोचता हूँ, इस डायरी लेखन को आगे भी चलाऊँ, 'डायरी में दुनिया' नाम से।कुछ अन्य नामों पर विचार करते हुए यहीं रुक पाया।....
दो सप्ताह से कुछ अधिक समय के बाद आज जयपुर स्थित अपने घर आना हुआ। फिर बैतलवा डाल पर।
...
पत्र-मंजूषा में कुछ पत्रिकाएँ और बिल दिखे। इसमें राजस्थान साहित्य अकादमी,उदयपुर की मासिक पत्रिका 'मधुमती' के जून 2015 का अंक भी दिखा।कुछ अंदाज़ा हुआ और पत्रिका पलटने पर वह अंदाज़ा सही स...ाबित हुआ।एक सिलसिले में लिखी मेरी एक लंबी प्रेम कविता 'जुड़े में अनकुम्हालाया फूल' प्रकाशित है।
विविध भारती पर कल्याण जी आनंद जी की संगीत यात्रा पर आधारित एक कार्यक्रम सुन रहा हूँ।कई पुराने,सुमधुर गीत पुनः सुनने को मिले।यात्रा में रेडियो सुनना हो नहीं पाया था।अरसे बाद इन नग़मों की मिसरी कानों में फिर घुली।
क्या खूब लगती हो...(धर्मात्मा)
'आसमान में उड़नेवाले,मिट्टी में मिल जाएगा'
'अपने हाथों में हवाओं को गिरफ़्तार न कर'
कल्याण जी को एक प्रयोगशील संगीतकार माना जाता है। उन्होंने फ़िल्मी संगीत को एक नई ऊंचाई और गरिमा दी।
इस युगल संगीतकार द्वारा रचे कुछ यादगार गीत और सुनने को मिले:-
'हम थे जिनके सहारे,वे हुए न हमारे'
'समझौता ग़मों से कर लो.../फिर मत गिरना ओ गिरनेवाले' (समझौता)
'मेरा जीवन कोरा कागज़ ...'
'दिल तो है दिल,दिल का ऐतबार क्या कीजे...'
'ओ साथी रे, तेरे बिना भी क्या जीना'
स्वर्गीय कल्याण जी को आनंद जी स्वभाविक रूप से बड़ा याद करते होंगे, सोचता हूँ,जोड़ी का टूटना कितना मार्मिक होता है!

Sunday, May 3, 2015

Arpan kumar's Hyderabad visit

Today I am attaching some photographs of my Hyderabad visit :-

Arpan Kumar's Hyderabad visit   ;-

 

Sunday, November 16, 2014

आओ कविता पढ़ें : अशोक वाजपेयी


खरगोश अँधेरे में
धीरे-धीरे कुतर रहे हैं पृथ्वी।
पृथ्वी को ढोकर
धीरे--धीरे ले जा रही हैं चींटियाँ।

अपने डंक पर साधे हुए पृथ्वी को
आगे बढ़ते जा रहे हैं बिच्छू।

एक अधपके अमरूद की तरह
तोड़कर पृथ्वी को
हाथ में लिए है
मेरी बेटी।

अँधेरे और उजाले में
सदियों से
अपना ठौर खोज रही है पृथ्वी
अशोक वाजपेयी

 

Saturday, November 15, 2014

जीवन में कुछ भी कम नहीं होता है ....


 

थोड़ा नहीं है

अर्पण कुमार

 

किसी को थोड़ा जानना

किसी से थोड़ा बतियाना

थोड़ा नहीं है

ओस-स्नात दूब पर जैसे

तड़के सुबह

नंगे पाँव चलते

नन्हें सूरज की ओर 

थोड़ा लपकना

थोड़ा नहीं है

चेहरे पर   

दिवस भर की लाली को

एकबारगी मल लेने के लिए

 

किसी को थोड़ा चाहना

किसी से थोड़ा पाना

थोड़ा नहीं है 

एक छतरी में

साथ चलते जैसे

थोड़ा बचना,थोड़ा भीगना

थोड़ा नहीं है  

इतिहास के अधगीले उस खंड को

अपना बना लेने के लिए  

 

किसी को थोड़ा विचलित करना

किसी से थोड़े ताने सुनना  

थोड़ा नहीं है

अँधेरे की अतल गहराई में

जल की शांत तरंगों बीच

दो सीपों का जैसे

थोड़ा जागना, थोड़ा सोना

थोड़ा नहीं है

ज्वार उठा देने के लिए

अपनी साँसों से

समंदर में जब कभी

 

हो सके प्रस्फुटित

‘लावा’ में ‘मक्का’

उछाल भरी ध्वनि सहित

थोड़ी नहीं है

मुट्ठी भर रेत

इस चटख कायांतरण के लिए

जैसे किसी को थोड़ा बनाना

किसी से थोड़ा बनना

थोड़ा नहीं है   

Friday, October 24, 2014

पुस्तक समीक्षा


कविता संग्रह – मैं सड़क हूं

कवि – अर्पण कुमार

प्रकाशक – बोधि प्रकाशन, जयपुर

मूल्य – 75 रूपए

संभावनाशील कविताएं

उमेश चतुर्वेदी

कविताओं में चित्रों का संसार कोई नई बात नहीं है। लेकिन कविताओं को पढ़ते वक्त कूची के कमाल का आभास बहुत कम कविताओं के साथ ही हो पाता है। लेकिन अर्पण कुमार के ताजा संग्रह मैं सड़क हूं की कविताओं को पढ़ते हुए यह अनुभव बार-बार होता है। उनकी कविताओं में सड़क है, नदी है, स्त्री है, धूप है, कुआं है, चाकू है, खूंटी है..आम जिंदगी में रोजाना तकरीबन सबका इनसे राफ्ता पड़ता है..लेकिन इन चीजों से भी संवेदना इतनी गहरे तक जुड़ी हो सकती है...इसे एक संजीदा कवि ही देख सकता है...अर्पण इन्हें देखने और उनके जरिए दर्द और उदासी भरी संवेदनाओं को उकेरने में कामयाब हुए हैं। मैं सड़क हूं संग्रह में कुल तैंतीस कविताएं हैं। लेकिन उनमें बुढ़ापे में अकेली होती मां भी है, उनका अपना पटना शहर भी है..जिसे पीछे छोड़ आए हैं...जिनके साथ उनकी सुंदर और संजीदा स्मृतियां जुड़ी हैं..लेकिन अब लौटते वक्त उन्हें वह पुरानी उष्मा नहीं मिलती। शायद इसी के बाद उनकी कविता फूट पड़ती है ‘आजकल मैं पटना जंक्शन पर नहीं उतर रहा हूं’। अर्पण के इस संग्रह में पिता की कवि छवियां हैं। पेंशनयाफ्ता की जिंदगी जीते पिता हैं, आश्वस्त पिता हैं...असमय बूढ़े हो रहे पिता हैं...लेकिन सबसे मार्मिक कविता है ‘साठवें बसंत में कालकवलित हो चुके पिता’..यह कविता जिंदगी के एक अंतहीन गह्वर में छोड़ जाती है। अर्पण के इस संग्रह में एक कविता है ‘मजिस्टर राम का शरणार्थी’ यह लंबी कविता आजादी के पैंसठ साल बाद भी गांवों की बदहाली और वहां पिछड़े रह गए कमजोर लोगों की शहरों में शरणार्थी की तरह जिंदगी गुजारने की मजबूरी को मार्मिक तरीके से उठाती है। इस कविता को पढ़ने के बाद जिंदगी और विकास के दावे तार-तार होते जाते हैं...इस संग्रह की एक कविता इन दिनों मौजूं बन पड़ी है...’महानगर में एक कस्बाई लड़की’। इस कविता की कुछ पंक्तियां बेहद संभावनाशील हैं-लक्ष्मण रेखा के पार /निकल पड़ी है वह/ अपने बड़े से जूड़े को कस/असीमित आकाश को/ अपने आंचल में समेटने..इस संग्रह की शीर्षक कविता है ‘मैं सड़क हूं’ यह कविता नए बिंब खड़ी करती है और बिंबों के जरिए संभावना के नए वितान भी तैयार करती है-‘तुम मुझे बनाते हो/ और फिर रौंदते हो/ अपने पैरों के जूतों/ अपनी गाड़ियों के पहियों/ और अपनी तेज अंतहीन रफ्तार से’..इन कविताओं को पढ़ने बाद लगता है कि अर्पण में काफी संभावनाएं हैं। कुल मिलाकर यह संग्रह बेहद पठनीय बन पड़ा है।

उमेश चतुर्वेदी

द्वारा जयप्रकाश, दूसरा तल, एफ-23 ए, निकट शिवमंदिर

कटवारिया सराय, नई दिल्ली-110016